जनपद चम्पावतनवीनतम

वन तस्करों का पता न चला तो होगा धरना प्रदर्शन : खुशाल सिंह अधिकारी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। लोहाघाट नगर में देवदार के पेड़ों के अवैध कटान पर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने वन विभाग और प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए हैं। विधायक ने वन तस्करों के खिलाफ जल्द कार्रवाई न होने पर संबंधित विभागों के कार्यालय में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। इधर वन विभाग ने सुखाए जा रहे पेड़ों पर दवा और मिट्टी का लेप लगाकर सुरक्षित करने का प्रयास किया है।

रविवार को विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि नगर के आदर्श कॉलोनी में करीब सवा दो माह पूर्व बेखौफ वन तस्करों ने दिन दहाड़े आठ देवदार के हरे व सूखे पेड़ों पर आरी चला दी थी। वहीं सुंई में भी तीन देवदार पेड़ों को वन तस्करों ने काट दिया था। आदर्श कॉलोनी में पेड़ काटने के मामले में राजस्व विभाग की तहरीर के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, उसके बाद पुलिस मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में नाकाम साबित रही है। वहीं दो दिन पूर्व वन तस्करों ने आदर्श कॉलोनी में बोट हाउस के पास 15 देवदार के पेड़ों को सुखाने के लिए उसमें कुल्हाड़ी से उनके तने छिले हुए हैं। विधायक अधिकारी ने कहा कि गरीब लोग एक पेड़ मंजूर कराने के लिए वन विभाग के चक्कर काटते रह जाते हैं, उन्हें विभाग की ओर से कई नियम कानून बताए जाते हैं। लेकिन वन तस्कर खुलेआम अवैध रूप से देवदार वृक्षों का चीर हरण कर रहे हैं, वन विभाग और प्रशासन खामोश बैठा हुआ है। विधायक ने चेतावनी दी कि जल्द दुर्लभ प्रजाति के देवदार वृक्षों को काटने वाले बन तस्करों के खिलाफ कारवाई नहीं करता तो वह जनता को साथ लेकर जिम्मेवार विभागों के कार्यालय में धरना प्रदर्शन को मजबूर हो जाएंगे।