चंपावतटनकपुर

पूर्णागिरि मेला–2026: सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल यातायात व्यवस्था को लेकर टैक्सी यूनियनों के साथ अहम बैठक

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। माँ पूर्णागिरि मेला 2026 के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा टैक्सी यूनियनों, वाहन स्वामियों एवं चालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

बैठक में मेला अवधि के दौरान निर्धारित रूट प्लान, पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध, अनुशासित वाहन संचालन तथा सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सुरेन्द्र कुमार एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला अवधि में सभी वाहन चालक नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान अवगत कराया गया कि मेला अवधि में वाहन संचालन हेतु सभी चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रहेगा। टैक्सी यूनियनों को निर्देशित किया गया कि वे तीन दिवस के भीतर सत्यापित वाहन चालकों एवं वाहनों की सूची कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि वे सड़क पर कूड़ा-कर्कट या प्लास्टिक सामग्री न फेंकें। सभी व्यावसायिक वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि मेला क्षेत्र को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखा जा सके।

बैठक उपरांत एआरटीओ कार्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा को लेकर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी वाहन चालकों एवं विभागीय कार्मिकों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। शपथ के माध्यम से यह संकल्प लिया गया कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर आनंद सिंह बिष्ट (परिवहन उप निरीक्षक), राजेन्द्र प्रसाद (परिवहन सहायक निरीक्षक), आरक्षी महेन्द्र पाल, नीरज कुमार एवं किशन कुमार आर्य सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।