देहरादून : सेलाकुई कार हादसे में घायल छात्रा ने 39 दिन बाद तोड़ा दम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
देहरादून। गत 23 अप्रैल को सेलाकुई निगम रोड पर तेज गति से आ रही एक कार ने राजकीय इंटर कालेज के करीब 9 छात्र छात्राओं को रौंदा दिया था। जिसके बाद घायलों को अस्पताल मे भर्ती कराया गया था। जिसमें से एक छात्रा अनुष्का 39 दिनों से जिन्दगी और मौत से लड़ रही थी, लेकिन आज अनुष्का ने दम तोड़ दिया है।
मालूम हो कि गत 23 अप्रैल को सेलाकुई क्षेत्र मे दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ था। देहरादून पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग से निगम रोड की और तेज रफ्तार कार ने स्कूली छात्रों को टक्कर मार दी थी। हादसे में 7 स्कूली छात्र छात्राएं और एक राहगीर युवती के साथ ही कार चालक घायल हो गया था। जिनको नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। मामले में पुलिस ने कार चालक विक्रांत कुमार को हिरासत में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था।

अब इस घटना घायल हुई छात्रा अनुष्का ने 39 दिनों बाद दम तोड़ दिया है। अनुष्का अपने माता पिता की लाडली थी। हाईस्कूल के पेपर देकर घर पर थी। वह अपनी बहन सौम्या कक्षा 6 को लेने के लिए स्कूल गई थी। छोटी बहन सौम्या को लेकर स्कूल से आ रही थी, तभी काल बनकर आ रही कार ने बच्चों के साथ अनुष्का को भी रौंद दिया। घायल सौम्या को इलाज के बाद तीन दिन मे छुट्टी दे दी गई। अनुष्का की हालत नाजुक होने के कारण उसका इलाज अस्पताल में चल रहा था। आज 39 दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद अनुष्का की मौत हो गई। अनुष्का की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। सेलाकुई थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया है कि कार चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत है। इसमें गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। जांच जारी है।
