पूर्णागिरि मेला : श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एसपी ने मेला क्षेत्र व इंडो-नेपाल बॉर्डर का किया निरीक्षण
चम्पावत। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मंगलवार को मां पूर्णागिरी मंदिर में दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पूर्णागिरी मेला क्षेत्र अंतर्गत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही भारत-नेपाल बॉर्डर का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। फायर सीजन के दृष्टिगत अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को फायर सेफ्टी उपकरणों की समुचित उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में आने वाले बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन किए जाने हेतु भी निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त एसपी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित थाना बनबसा क्षेत्रांतर्गत चौकी बैराज तथा पवित्र शारदा नदी में स्थित घाटों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। संबंधित थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारियों को घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्णागिरी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


