देहरादून में सनसनी: घर के कमरे में गला रेतकर ब्याज कारोबारी की हत्या, बीकॉम छात्र गिरफ्तार
देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में 48 वर्षीय ब्याज कारोबारी दीपक गुप्ता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से ही 20 वर्षीय बीकॉम छात्र रोहन प्रजापति को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच विवाद के बाद वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है।
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित देवऋषि एनक्लेव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में 48 वर्षीय दीपक गुप्ता का शव नग्न अवस्था में छाती के बल पड़ा मिला। उनकी गर्दन के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले।

मृतक की पहचान दीपक गुप्ता पुत्र गंगा सागर गुप्ता निवासी देवऋषि एनक्लेव, देहराखास के रूप में हुई। बताया गया कि वह ब्याज का कारोबार करता था। घटना की सूचना मृतक की बहन मीनाक्षी ने पुलिस को दी थी, जिन्होंने बताया कि उनके भाई पर चाकू से हमला किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से ही संदिग्ध आरोपी रोहन प्रजापति (20) निवासी माजरा, पटेलनगर को हिरासत में लिया। मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी पहचान दीपक गुप्ता से इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। दीपक के बुलाने पर वह उनके घर आया था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में उसने कमरे में रखा चाकू उठाकर दीपक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक गुप्ता का लगभग 7-8 वर्ष पहले अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले थे और वर्ष 2004 से अपने भाई-बहनों के साथ देहरादून में रह रहे थे। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, दोनों के बीच संबंध और इंटरनेट के माध्यम से हुई पहचान के अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर लेन-देन और आपसी विवाद दोनों बिंदुओं पर जांच जारी है।

