चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम, मानसून में सड़कें हर हाल में रखें सुचारु; ओवरस्पीड-ओवरलोडिंग पर कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मानसून के दौरान सभी मोटर मार्ग हर समय चालू रखने, सड़क मरम्मत में तेजी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

चम्पावत। सर्वोच्च न्यायालय और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सड़क सुरक्षा व्यवस्था, मानसून के दौरान मोटर मार्गों की स्थिति और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को निर्माणाधीन कलवर्टों का कार्य जल्द पूरा करने तथा कोट अमोड़ी में प्रस्तावित हॉट मिक्स प्लांट की स्थापना से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क मरम्मत और रखरखाव के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं को मानसून के दौरान मोटर मार्गों को हर समय सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त मशीनरी और संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने, गड्ढों की मरम्मत, पैचवर्क, सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने वन विकास निगम को सड़क किनारे दुर्घटना का कारण बन रहे खतरे वाले पेड़ों की प्राथमिकता के आधार पर पहचान कर कटान करने के निर्देश दिए। वहीं एआरटीओ और पुलिस विभाग को ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर प्रभावी चालानी कार्रवाई करने को कहा। सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान निरंतर संचालित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अतिक्रमण हटाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने टिफिनटॉप और संतोला क्षेत्र में सड़क सुधार कार्य जल्द पूरा करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

‘मेरी गांव-मेरी सड़क’ योजना के तहत निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जहां रिटेनिंग वॉल की आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर उसका निर्माण कराया जाए। साथ ही ग्रामीण संपर्क मार्गों पर जरूरत के अनुसार सोलर लाइट लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता, अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया, हितेश कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।