चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : पॉलिथीन व डिस्पोजल को लेकर चलाया गया संयुक्त चेकिंग अभियान

ख़बर शेयर करें -

रोडवेज परिसर में अतिक्रमण कर लगाए गए दो लघु प्रतिष्ठानों को किया सीज

टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका परिषद ने अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में प्रतिष्ठानों में डिस्पोजल, पॉलिथीन एवं नगर की साफ सफाई को लेकर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान व्यापारियों को साफ सफाई के निर्देश दिए गए। टनकपुर रोडवेज के समीप खुली नाली के समीप लगी खाद्य सामग्री के प्रतिष्ठानों को वहां से शिफ्ट कर सुरक्षित एवं साफ जगह पर लगवाया गया। सब्जी मार्केट में सब्जी व्यापारियों द्वारा 60 माइक्रोन से कम की पॉलिथीन का उपयोग किए जाने पर चालानी कार्यवाही की गई। साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई।

Ad Ad

अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल ने नगर क्षेत्र के सभी व्यापारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि नगर में किसी भी व्यापारी द्वारा खुले स्थान पर कूड़ा एकत्रितकरण एवं पॉलिथीन डिस्पोजल जैसे सामग्री का उपयोग करते हुए पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी। कहा गया कि गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग कूड़ेदान में एकत्रित कर नगर पालिका द्वारा संचालित किए जा रहे कूड़ा वाहनों में डालें। अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक व्यापारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही रोडवेज परिसर के समीप नाली के ऊपर लगाए गए प्रतिष्ठानों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया। रोडवेज परिसर के समीप अतिक्रमण क्षेत्र में लगाए गए दो ठेलों को जब्त कर नगर पालिका भेजा गया। उधर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने सभी खाद्य व्यापारियों को साफ सफाई रखने के साथ ही खाद्य सामग्री को ढक कर रखने के निर्देश दिए। अभियान में अभियंता लक्ष्मण सिंह बोहरा, वरिष्ठ लिपिक बसंतराज चंद, वरिष्ठ सहायक विनोद बिष्ट, कर निरीक्षक प्रिया बिष्ट, अनुराधा यादव, केपीएस इंचार्ज शिवम आदि शामिल रहे।