क्राइमदेशनवीनतम

करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या, पूर्व में लॉरेंस विश्नोई गैंग के संपत नेहरा ने दी थी धमकी, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

ख़बर शेयर करें -

जयपुर। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार को जयपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। श्यामनगर इलाके में उनके घर पर ही कुछ बदमाशों ने उन्हें गोली मारी है। जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने जानकारी देते हुए बताया कि गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचे। सुखदेव सिंह के आवास के बाहर भारी तादाद में पुलिस बल तैनात है। जानकारी के मुताबिक, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को चार गोलियां मारी गई हैं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे श्याम नगर जनपथ स्थित घर पर थे। इसी दौरान उनसे मिलने आए हमलावरों ने गोगामेड़ी पर फायरिंग कर दी।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रोहित गोदारा कपूरीसर और गोल्डी बरार ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। इसके बाद राजनीतिक हस्तियों ने गोगामेड़ी की मौत पर दुख प्रकट किया है। हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गोगामेड़ी से बातचीत करने पहुंचे बदमाशों ने अचानक ही उन पर फायरिंग कर दी। किसी को संभलने का मौका तक नहीं दिया।

घटनास्थल पर पहुंचे जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने कहा कि तीन लोग बाहर से सुखदेव जी से मिलने आए थे। सिक्योरिटी से अनुमति मिलने के बाद तीनों अंदर गए। दस मिनट उनमें बातचीत हुई। इसके बाद सुखदेव जी पर फायरिंग हुई। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। हमले के समय उनके पास सिक्योरिटी गार्ड खड़ा था, उसे भी गोली लगी है। वह आईसीयू में है। क्रॉस फायर में एक हमलावर की भी मौत हो गई है। उसका नाम नवीन सिंह शेखावत है। मूल रूप से शाहपुरा के पास का रहने वाला है। अभी जयपुर में रह रहा था। दोनों हमलावरों की तलाश में पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। जगह-जगह बैरिकेटिंग कर हमलावरों को तलाशा जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए दो बदमाश
सुखदेव सिंह हत्या मामले में बड़ा अपडेट आया है। बताया जा रहा है कि चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। हमले के बाद दो बदमाश बाइक से भागे और दो बदमाशों ने स्कूटी सवार को गोली मारकर स्कूटी छीनी थी। सुखदेव सिंह की SMS अस्पताल में इलाज दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। चारों बदमाशों में से दो सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने जताया शोक
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के निधन पर भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा ‘श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी जी की हत्या के समाचार से स्तब्ध हूं। इस संदर्भ में पुलिस कमिश्नर से जानकारी ली है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ़्तारी के लिए कहा है। सामाजिक जनों को शांति और धैर्य रखना होगा। भाजपा सरकार के शपथ लेते ही राज्य को अपराधमुक्त करना हमारी अग्रणी प्राथमिकताओं में है। गोगामेड़ी जी की आत्मा को प्रभु शांति प्रदान करें। परिजनों और समर्थकों- शुभचिंतकों को संबल प्राप्त हो।

Ad