खटीमा : एफसीआई में क्लर्क पद पर नियुक्ति का थमा दिया फर्जी नियुक्ति पत्र और ठग लिए 21 लाख रुपए
खटीमा। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 21 लाख रुपये ठग लिए गए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बग्घा-54 भूरिया थाना झनकईया निवासी चामु सिंह पुत्र सुंदर सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पंकज सिंह सजवाण पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी शांति विहार फेज़ नंबर 2 लेन 15 ए अजबपुरकलां देहरादून ने वर्ष 2021 से 2022 के बीच पहले घरेलू आवश्यकता बताकर और बाद में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर विभिन्न बैंक खातों में उससे धनराशि ट्रांसफर करवाई। इसके बाद उसे भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में क्लर्क पद पर नियुक्ति दिलाने का आश्वासन दिया और कथित नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराया। वहीं शाहजहांपुर यूपी निवासी रवि तिवारी ने उसे शाहजहांपुर ले जाकर ज्वाइनिंग, मेडिकल परीक्षण और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर भी नकद धनराशि ली। बाद में जब वह संबंधित कार्यालय पहुंचा तो पता चला कि उसकी कोई नियुक्ति नहीं हुई है और उसे दिया गया नियुक्ति पत्र फर्जी है। उसका कहना है कि दोनों आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे कुल 21 लाख रुपये की ठगी की। रुपये वापस मांगने पर उसे धमकी दी गई। झनकईया थाना प्रभारी देवेंद्र गौरव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

