लोहाघाट : बापरू की बेटी पूजा फर्त्याल बनीं राज्य कर अधिकारी, माता-पिता के निधन के बाद भी नहीं हारी हिम्मत
लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत जिले के बाराकोट ब्लॉक के बापरू गांव की होनहार छात्रा पूजा फर्त्याल ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पूजा का चयन राज्य कर अधिकारी के पद पर हुआ है। उनकी इस शानदार कामयाबी से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है।
पूजा की यह सफलता बेहद विपरीत परिस्थितियों में मिली है। उनके पिता आनंद सिंह फर्त्याल भारतीय सेना में थे, जिनका वर्ष 2008 में निधन हो गया था। इसके बाद वर्ष 2017 में उनकी माता दुर्गा देवी का भी देहावसान हो गया। माता-पिता के असमय चले जाने के बावजूद पूजा ने हिम्मत नहीं हारी।माता-पिता के निधन के बाद पूजा के ताऊ रघुवर सिंह फर्त्याल और ताई कलावती देवी ने उन्हें माता-पिता की कमी का अहसास नहीं होने दिया और पूजा को लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पूजा वर्तमान में बड़ी बहन व छोटे भाई के साथ खटीमा में रहती हैं।

पूजा की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय बनबसा कैंट से हुई। इसके बाद उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (पंतनगर यूनिवर्सिटी) से बीटेक (B.Tech) की डिग्री हासिल की। बीटेक पूरा करने के बाद वे घर पर ही रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गईं, जिसके परिणामस्वरूप आज उनका चयन इस प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। पूजा की इस उपलब्धि पर उनके ताऊ रघुवर सिंह फर्त्याल ने अपनी बेटी पर गर्व व्यक्त किया है। गांव और क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों, जिनमें नारायण सिंह फर्त्याल, पंकज सिंह फर्त्याल, राकेश सिंह अधिकारी रिंकू, मंजू डसीला, धर्मपाल सिंह मेहता, राहुल ढेक, वजीर सिंह, सोहन सिंह डसीला और कृष्ण जोशी शामिल हैं, ने पूजा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं और बधाइयां दी हैं।

