उत्तराखण्डक्राइम

कुमाऊं : पहले दहेज के लिए परेशान करता था, फिर जान से मार कर जला दिया पत्नी का शव, गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़ के चैंसर गांव के गधेरे में जलाई गई महिला की हत्या पति ने ही की थी। पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को एसपी लोकेश्वर सिंह ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि छेड़ा निवासी किशन कुमार ने पारिवारिक कलह के कारण रात में पत्नी आनंदी देवी की हत्या की थी। इसके बाद शव चैंसर गांव के समीप गधेरे में ले जाकर जला दिया। पुलिस ने आरोपी किशन कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में आईपीसी की धारा 302/304बी के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बता दें कि गुरुवार की सुबह चैंसर गांव के निकट गधेरे में एक महिला का अधजला शव मिला था। शव से धुआं उठ रहा था। रियासी निवासी सुनीता देवी ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की शिनाख्त अपनी बेटी आनंदी पत्नी किशन कुमार निवासी छेड़ा चंडाक के रूप में की। सुनीता देवी ने अपने जमाई पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पिथौरागढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि किशन कुमार शादी के बाद से ही दहेज के लिए उनकी बेटी का उत्पीड़न करता था। उत्पीड़न के कारण उनकी बेटी पिछले तीन माह से उनके साथ रियासी गांव में मायके में रह रही ‌थी। 20 जुलाई को उनका जमाई रियासी आया और जबरन उनकी बेटी और नातिन को लेकर गया। इसके बाद रात में ही उसने आनंदी की हत्या कर शव को गधेरे में ले जाकर जला दिया था। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर ही मामले का खुलासा कर हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया।

Ad