उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

देहरादून में लॉ एंड ऑर्डर बेहाल, सीएम की नाराजगी के बाद अब चलेगा ‘ऑपरेशन प्रहार’

ख़बर शेयर करें -

रिटा. ब्रिगेडियर हत्याकांड पर सीएम धामी ने गहरी नाराजगी जताई, डीजीपी ने लॉ एंड ऑर्डर को लेकर उच्च अधिकारियों संग बैठक की

देहरादून। रोड रेज और फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के बाद देहरादून से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कुठालगेट चौकी इंचार्ज और सब एक्साइज इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर चुके हैं। अब सीएम के निर्देश पर डीजीपी ने देहरादून पुलिस को ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू करने का निर्देश दिया है।

Ad Ad

मंगलवार को देहरादून पुलिस मुख्यालय में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। डीजीपी दीपम सेठ ने इस बैठक में पुलिस अफसरों को कड़े निर्देश दिए। देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं की संवेदनशीलता के दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड दीपम सेठ ने आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल तथा एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह और अन्य अफसरों के साथ ये बैठक की।

बैठक में अधिकारियों की स्पष्ट रूप से जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए कई निर्देश दिए गए। आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं फील्ड में सक्रिय रहकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाएं तथा बैरियर्स पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करें। विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में क्षेत्राधिकारी पुलिसबल की उपस्थिति और सक्रियता बढ़ाएं। आईजी एसटीएफ एवं एसएसपी एसटीएफ को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पीजी में रहने वालों और किराएदारों का सत्यापन

डीजीपी ने कहा कि सत्यापन अभियान के अंतर्गत पीजी एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन कराने तथा होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार एवं पब्स पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने स्पष्ट कहा कि राजधानी देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु एक विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्धारित समयावधि के बाद खुला मिला पब, बार या रेस्टोरेंट, तो सीधे दर्ज होगा मुकदमा

इसके साथ ही मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिकों/संचालकों के साथ गोष्ठी की। गोष्ठी के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा सभी प्रतिष्ठान मालिकों/संचालकों को उनके प्रतिष्ठानों में अनियमितता मिलने पर सख्त कार्यवाही की हिदायत देते हुए निम्न निर्देश दिये गये।
एसएसपी देहरादून द्वारा पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिकों/संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की दी हिदायत। नियमों का उल्लंघन करने पर सीधे वैधानिक कार्रवाई के लिये तैयार रहने की दी चेतावनी। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही पुलिस द्वारा आकस्मिक छापेमारी के दौरान निर्धारित समयावधि के बाद भी संचालित होने वाले 02 बार/ रेस्ट्रोरेंट संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक अपने प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों का शत प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करते हुए उक्त सभी कर्मियों की सूची पूर्ण विवरण के साथ पुलिस को उपलब्ध करायेंगे। साथ ही इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ा कोई भी व्यक्ति उनके प्रतिष्ठान से न जुड़ा हो, इसमें कोताही बरतने वाले प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जायेगी।

सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक अपने प्रतिष्ठानों में हुए किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यदि किसी प्रतिष्ठान में हुए किसी विवाद, जिसकी सूचना सम्बन्धित संचालक द्वारा पुलिस को न दी गई हो, के चलते कोई आपराधिक घटना घटित होती है, तो सम्बन्धित प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।

सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक अपने प्रतिष्ठान के एन्ट्री तथा एक्जिट प्वांइट पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस को भी उपलब्ध करायें, जिससे निर्धारित समयावधि के बाद संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा सके।
अक्सर पीजी/हॉस्टल में रहने वाले छात्र देर रात्रि तक पब तथा बारों में बैठे रहते हैं, जिसके पश्चात उनके द्वारा नशे की हालत में वाहनों को चलाया जाता है, जिससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। अत: सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक निर्धारित समयावधि के बाद किसी भी दशा में अपने प्रतिष्ठानों का संचालन न करें। नियमों का उल्लघंन करता पाये जाने पर सम्बन्धित प्रतिष्ठान के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।

देहरादून में माहौल सुधारने की कोशिश

देहरादून में संचालित होने वाले पब/बार/रेस्टोरेंट की संख्या के सापेक्ष पुलिस की उपलब्धता कम होने के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालकों सें अपेक्षा की गई कि वह अपने प्रतिष्ठानों में नियमों का सख्ती से पालन करना सुनिश्चित करेंगे तथा देहरादून के माहौल में सकारात्मक सुधार लाने में पुलिस को अपना सहयोग प्रदान करेंगे।

Ad Ad