चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतममौसम

चम्पावत में हल्की बारिश, एक एनएच समेत तीन मार्ग बंद; बिजली-पानी की आपूर्ति सुचारू

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिले में सोमवार सुबह मौसम खराब बना हुआ है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) चम्पावत की ओर से जारी सुबह 6:45 बजे की रिपोर्ट के अनुसार जनपद की सभी तहसीलों में हल्की बारिश हो रही है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है और अधिकांश क्षेत्रों में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट, पाटी, टनकपुर और बनबसा में हल्की वर्षा हो रही है। जनपद का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Ad Ad

एक एनएच समेत चार मार्ग प्रभावित

बारिश के चलते जिले में एनएच-309ए पर घाट-पनार के बीच यातायात बाधित है। इसके अलावा एक सीमांत मोटर मार्ग और दो ग्रामीण मोटर मार्ग भी यातायात के लिए बंद हैं। अन्य मोटर मार्गों पर यातायात सुचारू बताया गया है।

शारदा नदी का जलस्तर

टनकपुर क्षेत्र में शारदा नदी का डिस्चार्ज 1,28,592 दर्ज किया गया है, जबकि नदी का जलस्तर 219.40 मीटर है। शारदा नदी का रेड लाइन लेवल 221.70 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर रेड लाइन से करीब 2.30 मीटर नीचे है।

बिजली-पानी की आपूर्ति सामान्य

जिले में आवश्यक सेवाएं फिलहाल सामान्य हैं। विद्युत आपूर्ति और पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन की ओर से मौसम और मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।