चम्पावत में देर रात भीषण अग्निकांड: दुकान जलकर राख, लाखों का नुकसान; व्यापारी ने जताई साजिश की आशंका
चम्पावत। जिला मुख्यालय के ढकना रोड स्थित टैक्सी स्टैंड के पास शनिवार देर रात भीषण आग लगने से एक दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग इतनी विकराल थी कि दुकान में रखा फ्रिज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, व्यापारिक सामग्री और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, भैरवां निवासी राकेश तड़ागी की दुकान में देर रात अचानक आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखकर इसकी सूचना प्रशासन और संबंधित विभागों को दी। मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।
दुकान स्वामी राकेश तड़ागी ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से लगाई गई आग हो सकती है। उनका दावा है कि दुकान के तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगाए जाने के संकेत मिले हैं, जिससे कुछ ही देर में पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई।

आग की वजह से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर (रिकॉर्डिंग सिस्टम) भी पूरी तरह जल गए, जिससे घटना से जुड़े संभावित साक्ष्य नष्ट हो गए। व्यापारी ने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। इस अग्निकांड के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। सभी की निगाहें अब प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई साजिश थी।

