चम्पावत में कल से नहीं लगेगा व्यापार मंडल का लॉकडाउन, जानें व्यापार मंडल ने क्यों पलटा अपना फैसला

चम्पावत। चम्पावत व्यापार मंडल ने गुरुवार से जिला मुख्यालय में दस दिन का लॉकडाउन लगाए जाने का फैसला बदल दिया है। अब कल यानी कि छह मई से घोषित लॉकडाउन नहीं लगेगा। बुधवार को व्यापार मंडल की बैठक में इस बात का ऐलान किया गया। कहा गया कि सरकारी संस्थाओं का अपेक्षित सहयोग न मिलने की वजह से लॉकडाउन नहीं लगाया जा रहा है। कहा कि जब तक सरकारी कार्यालय, बैंक आदि बंद नहीं होंगे, तब तक कोरोना संक्रमण नहीं रुक सकता है। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारी व तमाम व्यापारी मौजूद रहे। वहीं चर्चा यह है कि लॉकडाउन को लेकर चम्पावत नगर के व्यापारी दो गुटों में बंट गए थे। दूसरे गुट के व्यापारियों ने साफ कह दिया था कि वह सरकार की ओर से लगाए गए लॉकडाउन का ही पालन करते हुए दो बजे तक दुकानें खोलेंगे। बताया जा रहा है कि इस वजह से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इसी के चलते व्यापार मंडल ने लॉकडाउन को टाल दिया।



