लोहाघाट : उत्तराखंड का नेतृत्व सही, सुरक्षित एवं विश्वशनीय हाथों में : सुरेश जोशी

हजारों लोग बने मुख्यमंत्री धामी के ऐतिहासिक तीन साल पूरा होने के अवसर पर आयोजित जश्न के साक्षी

लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के तीन वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल के पूरा होने के अवसर पर रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए दूर दराज क्षेत्रों से मांगलिक परिधानों से सजी धजी हजारों महिलाएं शामिल हुईं। बुजुर्ग महिलाओं ने मुख्यमंत्री को लंबे समय तक उनके नेतृत्व मिलने की कामनाओं के साथ न केवल अपना आशीर्वाद दिया बल्कि उनके दीर्घ जीवन की भी कामना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी रहे। उनका ढोल नगाड़ों, छोलिया नृत्य एवं पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित विकास प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। विकास प्रदर्शनी में मॉडल जिले का स्वरूप प्रदर्शित किया गया था। भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक एवं दीपक जोशी के संचालन में हुए समारोह में बाराकोट की बीडीओ ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि जोशी व पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल ने रीबन काट कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर सुरेश जोशी ने कहा कि आज सीएम धामी की वजह से उत्तराखंड की देश में विशिष्ट पहचान हुई है। चम्पावत को मॉडल जिले के रूप में जो स्वरूप प्रदान किया है उसे देखते हुए आज देश के लोग इस जिले में आने के लिए लालायित हो रहे हैं। उन्होंने कहा उस बसंती आमा से पूछो जिसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उसके नाती का एक साथ चार विभागों में चयन होगा। उस भोजन माता से पूछो जिसने कभी सोचा भी नहीं था कि उसका बेटा कभी जेई भी होगा। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड का ऐसा स्वरूप सामने आ रहा है जिसे देखते हुए कहा जा सकता है कि उत्तराखंड का नेतृत्व सही, सुरक्षित एवं विश्वशनीय हाथों में है।

इस मौके पर पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने अपने कार्यकाल की तमाम उपलब्धियों को गिनाया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने सभी का स्वागत करते हुए कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ऐसे विकास कार्य हो रहे हैं, जिसकी लोगों ने कभी कल्पना तक नहीं की थी। नगर पालिका के अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। वहीं जिला पंचायत की प्रशासक ज्योति राय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पहले प्रभारी जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह एवं एसडीएम नितेश डांगर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जीजीआईसी की छात्राओं ने जहां स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण के कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आइटीबीपी की 36वीं वाहिनी के सहायक सेनानी बालकृष्ण के दिशा निर्देशन और इंस्पेक्टर अरुण कुमार एवं राखी के संचालन में जवानों ने निहत्ते रहकर भी दुश्मनों का मुकाबला करने का हैरतंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। बाद में शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जीवन कलौनी ने जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। अध्यक्षता ब्लॉक प्रशासक नेहा ढेक ने की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रशासक विनीत फर्त्याल, रेखा देवी, सुमनलता, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष निर्मल मेहरा, प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य सतीश चंद्र पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सुभाष बगौली, गिरीश कुंवर, सचिन जोशी, राजेश बिष्ट, मंडल अध्यक्ष राजेश बिष्ट, मंडल अध्यक्ष जगदीश जोशी आदि मौजूद रहे।
