माँ पूर्णागिरि धाम मार्ग होगा रोशन: ककराली गेट से मंदिर तक ₹8.10 करोड़ की स्ट्रीट लाइट परियोजना का शुभारंभ
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक स्ट्रीट लाइट परियोजना का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के पूरा होने से श्रद्धालुओं को रात के समय सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के जनपद भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में गुरुवार को इस कार्य की शुरुआत की गई। परियोजना के तहत ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक लगभग 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इस कार्य की कुल लागत 8.1037 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन के लिए 2 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी स्वीकृत कर जारी कर दी गई है।
योजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि मंदिर तक जाने वाले अंतिम तीन किलोमीटर के कठिन पैदल मार्ग पर भूमिगत (अंडरग्राउंड) केबल के माध्यम से विद्युत आपूर्ति कर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे खुले तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त होगी और वन क्षेत्र के पर्यावरण एवं वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद श्रावण मास, पूर्णागिरि मेले और अन्य धार्मिक अवसरों पर देर रात अथवा तड़के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अंधेरे के कारण होने वाली असुविधा और सुरक्षा संबंधी जोखिमों से राहत मिलेगी। यूपीसीएल ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। कार्य के शुभारंभ अवसर पर यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया, एसडीओ एम.एस. बृजवाल, जूनियर इंजीनियर नरेन्द्र प्रसाद सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

