उत्तराखंड में बड़ा हादसा, बोरवेल के गड्ढे में गिरा बुजुर्ग, मौके पर SDRF-NDRF
55 साल का एक व्यक्ति बोरवेल के गड्ढे में गिर गया, जिसको बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है। हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी गांव में बोरिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। 55 साल का एक व्यक्ति बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। बताया जा रहा है कि मनोहर बोरिंग का काम कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह बोरवेल में जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुटे हैं और प्रशासन की टीमों की मदद कर रहे हैं। फिलहाल मनोहर को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन द्वारा हर संभव संसाधन मौके पर लगाए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द उसे बाहर निकाला जा सके। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।


