चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : पालिका प्रशासन ने दी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी, सोमवार से चलेगा वृहद अभियान

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के नेतृत्व में पालिका प्रशासन ने चड्डा चौराहा से लेकर मेला टंकी मार्ग तक रोड के दोनों किनारों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध मुनादी (अनाउंसमेंट) कराकर कड़ी चेतावनी जारी की।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी स्वयं पालिका के अन्य कर्मचारियों के साथ धरातल पर उतरे और व्यापारियों व फड़-ठेली स्वामियों को फुटपाथ खाली करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटपाथ आम राहगीरों के आवागमन के लिए हैं, न कि व्यापारिक गतिविधियों के लिए। पालिका प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चड्डा चौराहा से मेला टंकी मार्ग पर भारी अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल ने दो-टूक कहा है कि सभी संबंधित लोग स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लें। यदि रविवार तक मार्ग खाली नहीं किया गया, तो आगामी सोमवार से नगर पालिका द्वारा ‘वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर पाया गया सामान तत्काल जब्त कर लिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला जाएगा। पालिका प्रशासन ने सभी व्यापारियों से शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की है। इस अभियान और निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद से अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, वरिष्ठ लिपिक बसंत राज एवं सफाई सुपरवाइजर राकेश, रामरतन तथा विशाल बाबू सहित पालिका की टीम मौजूद रही।

Ad Ad
Ad Ad