हरियाणा के यमुनानगर में हुआ बड़ा बाइक हादसा, उत्हतराखंड के पति-पत्नी और बेटे ने तोड़ा दम
हरियाणा के यमुनानगर से एक बेहद हृदयविदारक एवं दुखद खबर सामने आ रही है जहां सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसा ने उत्तराखण्ड निवासी एक पूरे परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया। दरअसल पुराना सहारनपुर मार्ग पर पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से उत्तराखंड निवासी दंपत्ति और उनके चार वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाली महिला सात माह की गर्भवती थी। इस दर्दनाक घटना के बाद से जहां मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं उनके गांव में भी मातम पसरा हुआ है ।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा गांव निवासी 29 वर्षीय सचिन अपनी पत्नी नेहा (27) और बेटे नोनू (4) के साथ सोमवार को अपनी बाइक हरियाणा के यमुनानगर से अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि सचिन पिछले कुछ समय से यमुनानगर के मीना मार्केट में एक कपड़े की दुकान पर काम करता थे और चिट्टा मंदिर के पास किराए के मकान में रह रहे थे। सोमवार को परिवार किसी निजी कार्य से अपने गांव आ रहा था जैसे ही उनकी बाइक पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

