उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमहादसा

उत्तराखंड में रोडवेज बस नदी में गिरी, 4 की मौत क‌ई गंभीर

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखण्ड से इस वक्त की सबसे बड़ी एवं बेहद दुखद खबर देहरादून जिले से सामने आ रही है जहां मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश रोडवेज की एक बस के नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की यह बस उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर के जौनसार बावर में क्वाणु के पास अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी मृतकों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है परंतु स्थानीय लोगों द्वारा मृतकों की संख्या में इजाफा होने का अंदेशा जताया जा रहा है।

अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस संख्या एचपी-66ए-2588 मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे चौपाल से पांवटा साहिब की ओर रवाना हुई थी। बस ने नेरवा से होते हुए मीनस-क्वाणु-हरिपुर मार्ग पकड़ा। करीब दस बजे के आसपास जैसे ही बस कालसी क्षेत्र के सुदोई खड्ड के पास पहुंची तो एक ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क का पुश्ता अचानक धंस गया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह कई पलटे खाते हुए गहरी खाई में गिरकर नदी में जा समाई। बताया गया है कि हादसे के समय बस में 31 से 34 यात्री सवार थे। बस में चालक के रूप में दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश चंद तैनात थे।

दुर्घटना की सूचना सबसे पहले परिचालक ने पुलिस को फोन कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से बाहर निकालने में स्थानीय लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री गंभीर रूप से घायल अवस्था में नदी में फंसे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो अभी भी जारी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बस चालक समेत 4 लोगों की मौत की पुष्टि:

यास्मीन बेगम पत्नी नेक मोहम्मद, ग्राम क्यारला नेरवा, हिमाचल प्रदेश (उम्र 46 वर्ष)
रिचा पत्नी बिरेंद्र, ग्राम विजमल नेरवा, हिमाचल प्रदेश (उम्र 30 वर्ष)
धन बहादुर, ग्राम क्यारला नेरवा, हिमाचल प्रदेश
दिनेश कुमार पुत्र श्री मोहन सिंह ग्राम चोपाल, शिमला हिमाचल प्रदेश (उम्र 54 वर्ष)-बस चालक