देशनवीनतमहादसा

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 लोगों की दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करें -

यह विस्फोट उस समय हुआ जब कुछ महिलाएं फैक्ट्री के भीतर विस्फोटक सामग्री तैयार कर रही थीं

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलपालेम गांव पटाखा फैक्ट्री में शनिवार दोपहर हुए भीषण विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में चार वरिष्ठ जिला स्तरीय अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायडू ने मृतकों के परिजनों को 20 लाख रुपये देने की घोषणा की है।

Ad Ad

वहीं, राज्य के मंत्री कंदुला दुर्गेश ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ उस समय यूनिट में लगभग 30 कर्मचारी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि धमाका इतना तेज था कि कई शव छिटक कर पास के धान के खेतों में जा गिरे। पुलिस ने खेतों में बिखरे शवों और अंगों की तलाश के लिए ड्रोन तैनात किए हैं। बताया गया कि विस्फोट दोपहर करीब 2 बजे हुआ। इस विस्फोट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में घटनास्थल से आग और धुएं के गुबार उठते देखे जा सकते हैं। वहीं हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हादसे में मारे गए लोगों के शवों को स्थानीय लोग खाद की बोरियों से बनी चादरों (बराकालु) में उठा कर ले गए।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया ‘X’ पर लिखा- ‘काकीनाडा जिले के वेटलापलेम में एक पटाखा बनाने वाले सेंटर में हुए धमाके से बहुत सदमा लगा है। यह दुख की बात है कि इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई। मैंने इस घटना के बारे में बड़े अधिकारियों से बात की है। मैंने आदेश दिया है कि पीड़ितों को तुरंत जरूरी मदद दी जाए। हम राहत के कामों पर नजर रख रहे हैं. हम प्रभावित परिवारों की मदद करेंगे।’