शारदा नदी में बहा अधेड़, तलाश जारी

टनकपुर। शारदा नदी के बूम घाट पर स्नान करने के दौरान अधेड़ उम्र का एक व्यक्ति नदी में बह गया। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूखीढांग निवासी करीब 54 वर्षीय शंकर दत्त पाठक पुत्र रूपदेव पारिवारिक कार्यक्रम के चलते शारदा नदी के बूम घाट पर स्नान के लिए पहुंचे थे। अचानक तेज बहाव के चपेट में आने के कारण वह नदी में बह गए। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को व्यक्ति के डूबने की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस द्वारा शारदा नदी में व्यक्ति की खोजबीन शुरू कर दी गई है।
धारचूला के दारमा में वाहन खाई में गिरा एक की मौत दो घायल
पिथौरागढ़। धारचूला तहसील की दारमा घाटी में एक वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में एक स्थानीय युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार वाहन शुक्रवार की सुबह 10:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क निर्माण का कार्य करा रहे सीपीडब्लूडी के ठेकेदार का बताया जा रहा है। स्थानीय लोग घायलों को धारचूला अस्पताल ला रहे हैं। घटना की सूचना सीपीडब्ल्यूडी के एई अनिल बनग्याल ने प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन टीम मौके को रवाना हो गई है। मृतक युवक स्थानीय बताया जा रहा है। अभी नाम की पुष्टि नहीं हो सकी है। शव का धारचूला में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
