चंपावतनवीनतम

चम्पावत : अटैचमेंट समाप्ति के आदेश के असमान पालन पर मिनिस्ट्रियल कार्मिकों ने जताया रोष

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। शिक्षा विभाग में अटैचमेंट (कार्योजित व्यवस्था) समाप्त करने संबंधी महानिदेशक विद्यालय शिक्षा के आदेश का जिले में समान रूप से पालन नहीं होने पर मिनिस्ट्रियल कार्मिकों में नाराजगी बढ़ गई है। फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से सभी कार्यालयों एवं विद्यालयों में एक समान कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में नागेंद्र कुमार जोशी की अध्यक्षता एवं हिमांशु मुरारी के संचालन में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महानिदेशक विद्यालय शिक्षा, देहरादून ने 19 जून 2026 को शिक्षकों एवं मिनिस्ट्रियल कार्मिकों के मूल तैनाती स्थल से अलग विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में किए गए अटैचमेंट निरस्त करने के आदेश जारी किए थे। इसके अनुपालन में मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 25 जून को संबंधित कार्मिकों को कार्यमुक्त करने के निर्देश भी जारी किए।

Ad Ad

बैठक में आरोप लगाया गया कि आदेश के तहत मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय, चम्पावत तथा खंड एवं उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट से कई कार्मिकों को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया, जबकि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बनबसा व टनकपुर, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय टनकपुर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय टनकपुर, प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी लोहाघाट, खंड शिक्षा अधिकारी पाटी सहित शिक्षा विभाग के बाहर विभिन्न कार्यों में कार्योजित कई शिक्षक एवं कार्मिक अब भी कार्यमुक्त नहीं किए गए हैं।

कार्मिकों का कहना है कि इस असमान कार्रवाई से पहले ही कार्यमुक्त किए जा चुके कर्मचारी स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। संगठन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से महानिदेशक के आदेश का बिना किसी भेदभाव के समान रूप से अनुपालन कराने की मांग की है।

बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि सभी कार्योजित शिक्षक एवं कार्मिकों पर समान रूप से आदेश लागू नहीं किया गया तो संगठन को आंदोलनात्मक एवं संगठनात्मक कदम उठाने पड़ेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। बैठक में फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के जनपदीय सचिव जीवन चंद्र ओली सहित कैलाश नाथ महंत, ललित मोहन चतुर्वेदी, लोचन त्रिपाठी, मिंटू सिंह राणा, संदीप मेहता, हिमांशु मुरारी, सोबन सिंह बोहरा, प्रकाश सिंह तड़ागी, संजय कुमार, लोकेश जोशी, मुकेश जोशी, प्रभाकर दीक्षित, राघवेंद्र यादव, भानू सती, शुभम जोशी, राजेश कुमार, गौरव नाथ, प्रमोद टम्टा, दिनेश भट्ट, नवल कालाकोटी, दीपक कुमार, मालविका पंत, निर्मला भट्ट, हैदर अली एवं सीतांशु त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।