जनपद चम्पावत

मोहित हत्याकांड: पाटी में ग्रामीणों ने जनाक्रोश रैली निकाली, बाजार बंद किया

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। पाटी के मोहित पचौली हत्याकांड के आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कस्बे में रैली निकाल गुस्से का इजहार किया। आक्रोशित लोगों ने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी से भी इंसाफ दिलाने में सहयोग का आग्रह किया। दोपहर में व्यापारियों ने बाजार बंद कर शोक जताया।
पाटी के बिसारी गांव के नवीन चंद्र पचौली का इकलौता बेटा मोहित पचौली 23 सितंबर से घर से लापता था। पहली अक्तूबर को पाटी में मोहित का शव बरामद हुआ। हत्या के आरोप में मोहित के तीन दोस्त नीरज सिंह बिष्ट, कमल सिंह मेहता और यशपाल सिंह बोहरा उर्फ पालू को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही पहली अक्तूबर को तीनों आरोपियों के खिलाफ पाटी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया। बिसारी गांव सहित आसपास के लोगों ने पाटी में न्यू कालोनी से मराकुली गांव तक जुलूस निकाला। नाराज लोग हत्यारोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे थे। जुलूस में नीरज, नवीन गहतोड़ी, भुवन चंद्र गहतोड़ी, भुवन गड़कोटी, पीतांबर गहतोड़ी, प्रकाश गहतोड़ी, गंगा दत्त, भुवन चंद्र, नवीन पचौली, मुरलीधर, गोविंद पचौली, प्रकाश चंद्र आदि शामिल थे। दोपहर में पाटी व्यापार मंडल ने बाजार बंद कर शोक जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष गोपेश पचौली, महामंत्री दीपक भट्ट, कोषाध्यक्ष हेम शर्मा सहित तमाम व्यापारियों ने श्रद्धांजलि दी।

Ad