टनकपुर में मामी-भांजा 1.104 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार, नेपाली व्यक्ति को होनी थी सप्लाई
बिचई क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, अफीम की कीमत करीब 2.10 लाख रुपये; बरेली के सप्लायर समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर के बिचई क्षेत्र में पुलिस ने बाइक सवार मामी-भांजे को 1 किलो 104 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अफीम एक नेपाली व्यक्ति को सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8, 18 और 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की शाम बिचई क्षेत्र में बाइक सवार दो लोगों की तलाशी ली गई। इस दौरान जसपाल वर्मा निवासी बंडिया भट्टा, किच्छा, ऊधमसिंह नगर और उसकी सगी मामी रेशमवती निवासी ग्राम बैटरा, रिसौली, बदायूं के कब्जे से 1.104 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रेशमवती ने अफीम अपने रिश्तेदार विनोद लोधी निवासी सिरौली, बरेली से खरीदकर लाने की बात बताई। जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि अफीम एक नेपाली व्यक्ति को दी जानी थी। पुलिस अब कथित सप्लायर सहित इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
कोतवाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कार्रवाई कोतवाल चेतन रावत के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, एएनटीएफ के प्रकाश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन और महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल उमेश राज, ललित कुमार, संजय कुमार, राजकुमार, कुलदीप सिंह और सूरज कुमार तथा महिला कांस्टेबल शोभा शर्मा शामिल रहे।

