लोहाघाट : साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके, 14 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल
स्पोर्ट्स कॉलेज छमनिया में एसपी रेखा यादव ने चलाया साइबर सुरक्षा 2.0 जागरूकता अभियान, आपदा और दुर्घटनाओं में मददगार नागरिक सम्मानित
लोहाघाट/चम्पावत। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और जरूरतमंदों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को स्पोर्ट्स कॉलेज छमनिया, लोहाघाट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। इस दौरान आपदा एवं दुर्घटनाओं में लोगों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को कंबल वितरित किए गए।



साइबर सुरक्षा 2.0 अभियान के तहत एसपी ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं, नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फिशिंग लिंक और सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया। उन्होंने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर सूचना देने की अपील की।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों, महिला एवं बाल अपराधों तथा मानव तस्करी के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने गौरा शक्ति ऐप के उपयोग के बारे में बताते हुए आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन के लिए 1090, बाल सहायता के लिए 1098 और मानव तस्करी से संबंधित सूचना के लिए 1933 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
इस दौरान लोहाघाट पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से बरामद किए गए 14 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने चम्पावत पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, ओटीपी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की।

