जिस निशा दहिया की हत्या हुई वह राष्ट्रीय स्तर की नहीं यूनिवर्सिटी स्तर की पहलवान थीं, नाम एक ही होने की वजह से मीडिया में चली खबर

सोनीपत में जिस निशा दहिया की हत्या हुई वह यूनिवर्सिटी स्तर की खिलाड़ी हैं। जबकि पहले खबर आ रही थी कि राष्ट्रीय स्तर की पहलवान निशा दहिया की हत्या हुई है। दरअसल जब यह खबर आई तो राष्ट्रीय स्तर की पहलवान निशा दहिया ने इस खबर के बाद एक वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने कहा कि वह स्वस्थ हैं। जिस निशा दहिया की हत्या हुई है वह कोई और है। संयोग से वह भी पहलवान है, लेकिन यूनिवर्सिटी स्तर पर खेलती थी। दोनों के नाम में समानता होने की वजह से से मीडिया में यह खबर आ गई। राष्ट्रीय स्तर की पहलवान निशा दहिया सुरक्षित हैं।
वारदात सोनीपत के गांव हलालपुर की है। जहां अज्ञात हमलावरों ने तीन लोगों को गोली मार दी। जिसमें भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव हलालपुर में बुधवार दोपहर बाद अज्ञात हमलावरों ने निशा दहिया व उनके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, निशा की मां को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें इलाज के लिए पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया गया है। खरखौदा पुलिस मामले की जांच कर रही है। हलालपुर निवासी 18 वर्षीय सूरज व उसकी बड़ी बहन निशा को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। इस दौरान बीचबचाव में आई उनकी मां को भी गोली लग गई है। बहन-भाई दोनों की मौत हो गई। जबकि मां की हालात गंभीर बनी हुई है। हमला क्यों और किसने किया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।


