नेक पहल : चम्पावत ब्लॉक प्रमुख अंचला ने निजी खर्चे से अपने बेटे के जन्मदिन पर 5 असहाय बच्चों की आरडी खोली
18 वर्ष की आयु पूरी होने पर बच्चों को मिलेगी 50 हजार की धनराशि
चम्पावत। ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने अनूठी मिशाल पेश की है। वर्तमान दौर में जहां बच्चों के जन्मदिन बड़े धूमधाम और खूब दिखावे के साथ मना कर अनावश्यक खर्च किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ चम्पावत ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख के पद पर आसीन अंचला बोहरा ने इन सब को दूर रखते हुए अपने बेटे युवराज के जन्मदिन पर पांच गरीब बच्चों की अपने निजी संसाधनों से आरडी खोली है। जिससे कि आने वाले समय में उन बच्चों को कुछ मदद मिल सके। उनके इस नेक कार्य की बहुत लोग सराहना कर रहे हैं।

गत बुधवार को ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा व पूर्व सैनिक राकेश बोहरा के सुपुत्र युवराज बोहरा का जन्मदिन था। जन्मदिन को धूमधाम से मनाने की बजाय प्रमुख ने उसके जन्मदिन पर पांच गरीब बच्चों की मदद करना उचित समझा। उन्होंने बेटे के जन्मदिन पर अनाथ दीपांशु कुमार, रितिका चंद्र, प्रमोद सिंह, हिमांशु की आरडी खोलकर उनकी मदद को हाथ बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि वह हर माह अपने स्तर से इन बच्चों को आरडी जमा करेंगी और 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद इन बच्चों को 50 हजार रुपए की एक मुश्त राशि मिल सकेगी। ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा के इस कार्य की सभी लोग सराहना कर रहे हैं। वैसे आज के दौर में जन्मदिन में एक बड़ी पार्टी और मोटा पैसा खर्च करने का प्रचलन सा बन गया है। लेकिन इन सबसे दूर बोहरा ने नई दिशा को चुना है। जो अन्य लोगों को जो कार्यक्रमों में फिजूल खर्ची करते हैं के उनके लिए भी प्रेरणा स्रोत है।

