नवीनतमपौड़ी

जिला पंचायत बैठक में ताश खेलते नजर आए अधिकारी, कार्यशैली पर उठे सवाल

ख़बर शेयर करें -

पौड़ी गढ़वाल। जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान जिला पर्यटन अधिकारी के मोबाइल पर ताश का गेम खेलते हुए नजर आने का मामला सामने आया है। अधिकारी के मोबाइल में गेम खेलने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारी की कार्यशैली और बैठक के प्रति गंभीरता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि जिला पंचायत की बैठक में सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य समेत विभिन्न जनसमस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रख रहे थे और उनके समाधान की उम्मीद कर रहे थे। इसी दौरान जिला पर्यटन अधिकारी मोबाइल फोन पर ताश का गेम खेलते हुए नजर आए। महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अधिकारी के इस तरह मोबाइल पर गेम खेलने का वीडियो सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है।

Ad Ad

जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंतुरा ने अधिकारी के इस रवैये को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान अधिकारियों के इस तरह के वीडियो सामने आना यह दर्शाता है कि जनता की समस्याओं को लेकर अधिकारी कितने गंभीर हैं। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में कार्रवाई जरूरी है, ताकि अन्य अधिकारियों को भी स्पष्ट संदेश मिले कि जिला पंचायत जैसी महत्वपूर्ण बैठकों में जनप्रतिनिधियों और जनता से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

वहीं, मामले में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जिला पर्यटन अधिकारी मोबाइल पर गेम खेलते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान किसी भी अधिकारी द्वारा इस तरह मोबाइल का प्रयोग करना उचित नहीं है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।