मुख्यमंत्री के निर्देश पर केदार सिंह बृजवाल पहुंचे चम्पावत, अग्निकांड पीड़ित परिवार से मिले, विकास कार्यों का किया निरीक्षण
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने चम्पावत पहुंचकर अग्निकांड प्रभावित राकेश सिंह तड़ागी व उनके परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने अग्निकांड में स्वाह हुई दुकान का निरीक्षण भी किया। इसके साथ ही उन्होंने लोहाघाट में निर्माणाधीन अंबेडकर भवन का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।

श्री बृजवाल ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन उनकी हरसंभव सहायता करेगा और राहत से जुड़े आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे। इसके बाद उन्होंने लोहाघाट में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत लगभग ₹2.83 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अंबेडकर भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने और उनका लाभ समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
दौरे के दौरान केदार सिंह बृजवाल ने दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर पांडेय, पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल, हेमंत जोशी सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनपद के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और क्षेत्र की विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई। श्री बृजवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरे हों तथा आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

