चम्पावत में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंक इस्तीफे की मांग
नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में खामियों को लेकर कांग्रेस ने चम्पावत में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर उनके इस्तीफे की मांग की और भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
चम्पावत। कांग्रेस ने रविवार को चम्पावत मोटर स्टेशन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर उनके इस्तीफे की मांग की। जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में खामियों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों युवाओं और छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने में विफल रही है, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने दिल्ली के जंतर-मंतर में भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को 18 जुलाई को कथित रूप से जबरन हटाए जाने की घटना की भी आलोचना की। पार्टी ने इसे अलोकतांत्रिक बताते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने की मांग उठाई।
इस दौरान पूर्व दर्जा राज्यमंत्री निर्मला गहतोड़ी, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा, नगर अध्यक्ष दिग्विजय कार्की, नीरज वर्मा, मुरलीधर जोशी, मनीष सिंह, नरेश जोशी, नानू बोहरा, कमल रेंसवाल, दिनेश सिंह, पवन ढेक, सचिन माहरा, रंजीत अधिकारी, अनंत शाह, अशोक वर्मा, दीपक रेंसवल, लोकेश पांडे, भुवन जोशी, ललित कालाकोटी, हरीश राय, संजू कुंवर, मनीष महर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

