चम्पावत जिला अस्पताल में चर्म रोग और मनोचिकित्सक नहीं होने से मरीज परेशान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र के जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ और मनोचिकित्सक के न होने से मरीजों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को इन बीमारियों के इलाज के लिए खटीमा, हल्द्वानी और बरेली की दौड़ लगानी पड़ रही है। वहीं प्रशासन की ओर से कहा जा रहा है कि जल्द ही चिकित्सकों की तैनाती हो जाएगी।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इसके लिए पहल कर रहा है।
जिला अस्पताल में फरवरी 2025 में जिले के पहले मनोचिकित्सक डॉ. आशुतोष बहुगुणा की तैनाती हुई थी, लेकिन वह अपनी सेवाएं एक साल भी पूरी नहीं दे पाए और पिछले साल अक्तूबर में वापस चले गए। उनके जाने के बाद मनो रोगियों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। एक मात्र चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्णिका पंत के बीमार होने के कारण वह अवकाश पर हैं। पूर्व में चम्पावत, लोहाघाट आदि क्षेत्र के लोग पिथौरागढ़ अस्पताल में तैनात चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मृगांक शुक्ला से इलाज कराने जाते थे, लेकिन उनको मूल तैनाती स्थल धारचूला भेजे जाने के कारण अब इलाज मिलना मुश्किल हो रहा है। डीएम मनीष कुमार ने बताया कि दोनों ही विशेषज्ञों की तैनाती के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को निरंतर इलाज मिलता रहे।

