टिहरीनवीनतमहादसा

उत्तराखंड : नदी में गिरा पिकअप वाहन, 2 लोग लापता, रेस्क्यू जारी

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड : नदी में गिरा पिकअप वाहन, 2 लोग लापता, रेस्क्यू जारी

देवप्रयाग। टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया है कि देवप्रयाग से पहले चिलडांग क्षेत्र में सब्जियों से लदी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी ढलान पार करते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरी। घटना सुबह लगभग चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद से वाहन में सवार दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार पिकअप ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी और आगे कर्णप्रयाग तक माल पहुंचाया जाना था। बताया गया है कि जैसे ही पिक‌अप देवप्रयाग से पहले चिलडांग क्षेत्र में सैनिक होटल के समीप अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ा और वाहन सड़क किनारे बने पैराफिट तोड़कर खाई की ओर लुढ़कता हुआ नदी में समा गया। उस समय अंधेरा था और पहाड़ी मोड़ पर दृश्यता भी सीमित बताई जा रही है।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ के गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। गंगा का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। गोताखोर नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च कर रहे हैं, जबकि किनारों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि वाहन में दो लोगों के सवार होने की पुष्टि हुई है, हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने अधिक व्यक्तियों के होने की आशंका भी जताई है। प्रशासन फिलहाल आधिकारिक रूप से दो लोगों की तलाश की बात कह रहा है। वाहन के पंजीकरण विवरण और अन्य स्रोतों के माध्यम से सवारों की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कई घंटे बाद भी न तो वाहन का पता चल सका है और न ही लापता व्यक्तियों का कोई सुराग मिला है। नदी का जलस्तर और धारा की तीव्रता राहत कार्य में बाधा बन रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और राजमार्ग पर यातायात सामान्य रखा गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है है कि रेस्क्यू ऑपरेशन तब तक जारी रहेगी जब तक लापता व्यक्तियों का पता नहीं चल जाता।