टनकपुर : उफनाए बाटनागाड़ में फंसे मां पूर्णागिरि के श्रद्धालुओं को पुलिस ने सकुशल पार कराया
टनकपुर/चम्पावत। भारी बारिश के बीच चम्पावत पुलिस ने एक बार फिर मानवता और मुस्तैदी की मिसाल पेश की है। रविवार को माँ पूर्णागिरि धाम से दर्शन कर लौट रहे और दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु अचानक आई मूसलाधार बारिश की वजह से बाटनागाड़ (बरसाती नाले) का जलस्तर बढ़ने से बीच रास्ते में ही फंस गए। उफनते नाले के कारण श्रद्धालुओं की जान जोखिम में देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस आपातकालीन स्थिति की सूचना मिलते ही चौकी ठुलीगाड़ और चौकी बूम की पुलिस टीमें बिना वक्त गंवाए आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिसकर्मियों ने बेहद सूझबूझ, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उफनती नदी के तेज बहाव के बीच पुलिस के जवानों ने सुरक्षा घेरा (सुरक्षा कवच) बनाकर एक-एक कर सभी फंसे हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया और नाला पार कराया। पुलिस की इस त्वरित और समर्पित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की सकुशल आवाजाही सुनिश्चित की गई। सुरक्षित बचाए जाने के बाद भावुक श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने चम्पावत पुलिस के इस साहसिक कार्य, सेवा भाव और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की और पूरी टीम का आभार जताया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि चम्पावत पुलिस जनसुरक्षा, जनसेवा और जनविश्वास के संकल्प के साथ हर विकट परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है। प्रशासन ने क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए आगामी यात्रियों से भी नदी-नालों को पार करते समय सावधानी बरतने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




