टनकपुर : दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने किया त्वरित अनावरण, एक गिरफ्तार
टनकपुर/चम्पावत। पुलिस ने नगर की एक दुकान में हुई चोरी के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की गई सिगरेट व नकदी बरामद की है।
गुरुवार 26 मार्च को मनोज अरोरा पुत्र दिनेश अरोरा निवासी वार्ड नं0 3, राजाराम चौक के पास ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंप कर बताया कि चोरों ने उनकी परचून की दुकान की मोमटी की दीवार तोड़कर 50 पैकेट सिगरेट (वैव मिंट मार्का) व ₹2100 नगद चोरी कर ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी।
एसपी ने प्रभारी निरीक्षक थाना टनकपुर को शीघ्र अनावरण को लेकर निर्देशित किया। क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण में थाना टनकपुर पुलिस टीम द्वारा अनावरण हेतु पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा कुशल सुरागरसी/पतारसी करते हुए 27 मार्च शुक्रवार को घटना में संलिप्त अभियुक्त राहुल कश्यप उर्फ भूरा पुत्र स्व0 सुरेन्द्र कश्यप निवासी मछली गली वार्ड नं0 04 टनकपुर, उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर झाड़ियों से चोरी की गई सामग्री—50 पैकेट सिगरेट (वैव मिंट) व ₹2100 नगद बरामद की गई। पुलिस टीम में अपर उ0नि0 रवि चन्द्र जोशी, हे0का0 कमल कुमार, का0 73 हितेन्द्र वर्मा शामिल रहे।

