कोरोना # लड़ीधूरा मंच ने रामनवमी पर 108 कन्याओं के पूजन कार्यक्रम को किया स्थगित


चम्पावत। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच ने राम नवमी के दिन आयोजित होने वाले 108 कन्याओं के पूजन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। शुक्रवार को बाराकोट स्थित मां भगवती मंदिर लड़ीधूरा में नगेंद्र कुमार जोशी की अध्यक्षता एवं रमेश चंद्र जोशी के संचालन में लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच की बैठक आयोजित की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रामनवमी को आयोजित होने वाला 108 कन्याओं का पूजन कोरोना संक्रमण को देखते हुए नहीं किया जाएगा। अध्यक्ष नगेंद्र जोशी ने बताया कि विगत कई वर्षों से समाज में सामाजिक समरसता, भाईचारा और समस्त क्षेत्र की खुशहाली के लिए मां भगवती के सभी 108 रूपों की पूजा कर उन्हें प्रसन्न करने के उद्देश्य से चैत्र नवरात्रि की रामनवमी को 108 कन्याओं का पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया जाता था। इस वर्ष कोरोना को देखते हुए आयोजन निरस्त किया गया है। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए इतनी बड़ी संख्या में छोटी कन्याओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। इसलिए रामनवमी को क्षेत्रीय जनता की सुख-समृद्धि के लिए सुंदरकांड पाठ के साथ 108 दिए जला कर मां भगवती को प्रसन्न करने का सांकेतिक कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। बैठक में मंदिर के मुख्य पुजारी मदन जोशी, नारायण दत्त जोशी, परमानंद जोशी, रणजीत सिंह अधिकारी, कल्याण सिंह अधिकारी, प्रकाश सिंह अधिकारी, रमेश चंद्र जोशी, नवीन चंद्र जोशी, देवेंद्र सिंह अधिकारी, रणजीत सिंह अधिकारी आदि मौजूद रहे।

