अल्मोड़ाक्राइमनवीनतम

पहाड़ में PRD जवान ने कर दिया बड़ा कांड, पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

ख़बर शेयर करें -

महिला की गला घोंटकर हत्या करने के बाद गलोबंद निकालकर फरार हुआ, बेटी की शादी के लिए धन जुटाने की लूटपाट

अल्मोड़ा। वृद्ध महिला को मौत के घाट उतारने वाला कोई और नहीं बल्कि पीआरडी का जवान निकला। पीआरडी के जवान ने पहले महिला की गला घोंटकर ह्त्या की फिर उनका गलोबन्द लेकर फरार हुआ। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार बीते 14 नवंबर की रात अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक के सांगड साहू गांव की निवासी 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं बल्कि हत्यारे ने मृतका के गले से गलोबंद तक लूट लिया था। इस मामले में मृतका के बेटे ने पुलिस प्रशासन को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।

मामले के खुलासे के लिए एससपी देवेंद्र पींचा ने थाना अध्यक्ष लमगड़ा के प्रभारी एसओजी प्रमोद पाठक समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीम गठित की। इसके बाद संयुक्त टीम ने लमगड़ा क्षेत्र से लेकर हल्द्वानी तक के लगभग 400 सीसीटीवी खंगाले। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने 100 से ज्यादा व्यक्तियों से पूछताछ की जिसके बाद पुलिस प्रशासन की टीम को दो व्यक्तियों पर शक हुआ।

शक के आधार पर पुलिस प्रशासन की टीम ने बीते रविवार को मैन्युअल सर्विलांस और फॉरेंसिक सबूत के आधार पर सांगड साहू क्वार्बी लमगड़ा निवासी गोपाल सिंह को हिरासत में लिया। गोपाल के पास से 1,20,500 रुपये बरामद हुए जो उसे गलोबंद बेचने के बाद मिले। गोपाल से पूछताछ की गई तो उसने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि उसने ही महिला की हत्या की थी। गोपाल सिंह लमगड़ा थाना क्षेत्र में पीआरडी का जवान है, जो महिला को मौत के घाट उतारने के बाद उनका गलोंबंद लेकर फरार हो गया था।

आरोपी गोपाल सिंह ने बताया की वो PRD का जवान होने के साथ – साथ गांव में गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह के खेत जोतने का कार्य भी करता था, जिससे उसे मजदूरी के रूप में पैसे मिल जाते थे। गोपाल की पुत्री की शादी नवंबर माह के अंत में तय थी, जिसके लिये वह पैसों का इंतजाम नहीं कर पा रहा था। जिस पर गंगा देवी ने उसे लड़की की शादी के लिये 25 हजार रुपये देने का वादा किया था।

14 नवंबर को गोपाल सिंह गंगा देवी के घर पहुंचा था जिसने गंगा देवी से रुपये मांगे लेकिन गंगा देवी ने रुपये नहीं दिये। इस बात से गोपाल आक्रोशित हो गया और उसने गलोबन्द से गंगा का गला दबा दिया। इसके साथ ही गंगा के कान के कुण्डल भी नोचने का प्रयास किया लेकिन डोरी में बंधा होने के कारण वह कुंडल नहीं ले पाया। गंगा देवी की सांसे रुकने के बाद गोपाल ने गलोबन्द निकालकर महिला को बेड में सुलाया और कम्बल डालकर घर को चला गया।

गोपाल ने डर के कारण छिपाया गलोबन्द

गोपाल ने गलोबन्द को एक पत्थर के नीचे छुपा दिया था, जब पुलिस द्वारा पूछताछ की जाने लगी तो डर के कारण गलोबन्द का कुछ नहीं किया। जैसे-तैसे 30 नवंबर को उसने अपनी लड़की की शादी कर दी। जिसके बाद 9 दिसंबर को जब उसे लगा कि पुलिस का ध्यान उसकी ओर नहीं है तब वह गलोबन्द बेचने हल्द्वानी चला गया। बीते 10 दिसंबर को उसने झूठ बोलकर हल्द्वानी में एक सुनार की दुकान पर मृतका गंगा देवी का गलोबंद 1,20,500 रुपये मे बेच दिया।
हत्याकांड का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल द्वारा 15,000 रुपये व एसएसपी द्वारा 10,000 रुपये के नगद ईनाम से पुरस्कृत किया गया।