रानीहाट में गिरे पेड़ को हटाकर पूर्णागिरी मार्ग किया गया सुचारू, प्रशासन ने बहाल कराया यातायात
टनकपुर/चम्पावत। लगातार बारिश के बीच पूर्णागिरी मोटर मार्ग पर रानीहाट क्षेत्र में देर रात एक पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए पेड़ हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारू कर दिया। प्रशासन ने रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील भी की है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में तहसील प्रशासन और फायर सर्विस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। तहसीलदार पिंकी आर्या ने बताया कि फायर सर्विस टनकपुर की टीम ने आवश्यक उपकरणों की सहायता से गिरे हुए पेड़ को हटाया, जिसके बाद पूर्णागिरी मोटर मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार वर्तमान में मार्ग पूरी तरह सुचारू है और वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मानसून और रेड अलर्ट को देखते हुए जनपद का आपदा कंट्रोल रूम संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह सतर्क रखी गई हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों और पूर्णागिरी धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वर्षाकाल और रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो तो मौसम की जानकारी लेकर ही निकलें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला आपदा कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।

