चंपावतटनकपुरनवीनतमहादसा

टनकपुर में बड़ा हादसा टला: खाई में गिरी कार, पुलिस-एसडीआरएफ ने चारों लोगों को सुरक्षित निकाला

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में रेड अलर्ट के बीच चम्पावत जनपद का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शनिवार देर रात टनकपुर में एक कार के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर बड़ा हादसा टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कोतवाली टनकपुर क्षेत्र के बस्तिया के समीप छोटी पुलिया के पास कार (DL12 DA 1423) अनियंत्रित होकर लगभग 5 से 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चार लोग सवार थे।

Ad Ad

सूचना मिलते ही जिला आपदा कंट्रोल रूम ने तत्काल कोतवाली टनकपुर पुलिस, फायर स्टेशन टनकपुर, एसडीआरएफ तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को घटनास्थल के लिए रवाना किया। सभी एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

संयुक्त रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के साथ सभी को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। समय रहते हुए बचाव अभियान के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि रेड अलर्ट के मद्देनजर जनपद का संपूर्ण आपदा प्रबंधन तंत्र 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है। जिला आपदा कंट्रोल रूम लगातार निगरानी बनाए हुए है और किसी भी आपात सूचना पर संबंधित विभागों को तत्काल सक्रिय कर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की।