उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमहादसा

देहरादून में बारिश ने बुझाए दो घरों के चिराग, नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की मौत

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना पटेल नगर क्षेत्र में भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है, जहां वैज्ञानिक के 12 वर्षीय बेटे की ओवरफ्लो नाले में बहने से मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना रायपुर क्षेत्र में हुई, जहां 10 वर्षीय श्रमिक का बेटा नहर में बह गया। दोनों घटनाओं में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

वैज्ञानिक का 12 वर्षीय बेटा नाले में बहा

पहली घटना पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है। यहां वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत कर्मचारी का 12 वर्षीय बेटा सम्राट गोपी जीवी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने सोशल मीडिया पर बच्चे की जानकारी साझा करने के साथ पुलिस को सूचना दी।

Ad Ad

पुलिस ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन बच्चे के परिसर से बाहर जाने के कोई सुराग नहीं मिले। इसके बाद परिसर से होकर गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका जताई गई। पुलिस और एसडीआरएफ ने नाले में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ड्रोन की मदद से भी बच्चे की तलाश की गई। कई घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने करीब छह किलोमीटर दूर बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बच्चे का शव बरामद किया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्चा तेज बहाव में बहकर यहां तक पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गूलरघाटी नहर में बहा 10 वर्षीय बच्चा

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गूलरघाटी रोड, बालावाला की है। मंगलवार को 10 वर्षीय केपी नहर में गिर गया। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ ने गूलरघाटी नहर से बच्चे का शव बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार केपी मूल रूप से लखीमपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। बताया गया कि बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था।पुलिस ने दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। दो मासूमों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

एसएसपी ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

एसएसपी देहरादून प्रमोद डोबाल ने भारी बारिश के दौरान लोगों से नदियों, नालों और नहरों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से तेज बहाव वाले स्थानों से बच्चों को दूर रखने को कहा है। देहरादून पुलिस की ओर से नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से भी लगातार सतर्क किया जा रहा है।

विकासनगर में जलभराव में फंसे पांच लोगों को बचाया

इधर विकासनगर में देर रात भारी बारिश के कारण जलभराव में एक परिवार के पांच लोग मकान में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नाले और नहरों के किनारे जाने से बचें और जलभराव वाले क्षेत्रों में भी अनावश्यक आवाजाही न करें।