तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बायोटेक कंपनी कर्मचारी की मौत; भागते चालक को लोगों ने पकड़ा
रुद्रपुर। पंतनगर से जयनगर घर लौट रहे बायोटेक कंपनी के 50 वर्षीय कर्मचारी महेंद्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पत्थरचट्टा क्षेत्र में टीडीसी कार्यालय के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र पंतनगर स्थित एक बायोटेक कंपनी में कर्मचारी थे। मंगलवार को काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर जयनगर लौट रहे थे। इसी दौरान पत्थरचट्टा क्षेत्र में टीडीसी कार्यालय के सामने पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक घायल की मदद करने के बजाय वाहन लेकर मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। चालक को भागता देख स्थानीय लोगों ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
करीब एक किलोमीटर पीछा कर ट्रक रोका
स्थानीय लोगों ने करीब एक किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया और आगे अपना वाहन लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर वाहन समेत पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वाले महेंद्र के परिवार में घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है।

