लोहाघाट डिपो की रोडवेज बस फिर बीच रास्ते खराब, बारिश में यात्रियों की बढ़ी परेशानी
तीन दिन पहले भी मानेश्वर में खराब हुई थी यही बस, यात्रियों में आक्रोश
चम्पावत। उत्तराखंड परिवहन निगम के लोहाघाट डिपो की बसों के बीच रास्ते में खराब होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को एक बार फिर बरेली से लोहाघाट आ रही रोडवेज बस तकनीकी खराबी के चलते चम्पावत बस स्टेशन में खड़ी हो गई। बारिश के बीच बस खराब होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
चालक नवीन चंद्र जोशी के अनुसार, बस में अचानक करंट आने की समस्या सामने आई। इसके बाद बस को चम्पावत बस स्टेशन में रोक दिया गया। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से लोहाघाट की ओर भेजा गया।

तीन दिन पहले भी मानेश्वर में खराब हुई थी बस
बताया गया कि तीन दिन पूर्व भी यही बस लोहाघाट से बरेली जाते समय महज पांच किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद तकनीकी खराबी के कारण मानेश्वर में खड़ी हो गई थी। उस समय बस में सवार करीब 26 यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य तक भेजा गया था।
रोडवेज बसों के लगातार बीच रास्ते खराब होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। यात्रियों का कहना है कि आए दिन बसें रास्ते में खराब हो रही हैं, जिससे उन्हें परेशानी के साथ-साथ समय और पैसे का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पुरानी बसों को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुरानी और जर्जर बसों को सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहाड़ी मार्गों पर बसों की तकनीकी स्थिति बेहतर होना बेहद जरूरी है, लेकिन लगातार सामने आ रही खराबियों से परिवहन निगम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, लोहाघाट डिपो की कार्यशाला में तकनीशियनों और स्पेयर पार्ट्स की कमी के कारण भी बसों की समय पर मरम्मत में दिक्कतें आ रही हैं। लोगों ने सरकार और परिवहन निगम से लोहाघाट डिपो को नई बसें, पर्याप्त तकनीकी कर्मचारी और जरूरी स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों को बार-बार बीच रास्ते होने वाली परेशानी से निजात मिल सके।

