टनकपुर में रोडवेज के संविदा, विशेष श्रेणी कर्मचारियों धरना-प्रदर्शन जारी, कल निकालेंगे जुलूस
टनकपुर/चम्पावत। रोडवेज के आंदोलित संविदा व विशेष श्रेणी कर्मचारियों का टनकपुर क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में चल रहा क्रमिक धरना बुधवार को को आठवें दिन भी जारी रहा। इस बीच प्रशासन की ओर से उनकी मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा मिला, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। उन्होंने मांग पूरी होने तक एकजुटता के साथ आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया है। संगठन ने तय किया है कि 29 मई को धरना स्थल से तहसील तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।
रोड़वेज के संविदा और विशेष श्रेणी कर्मचारी नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलित हैं। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट के नेतृत्व में शुरू हुए आंदोलन को अन्य कई कर्मचारी संगठनों व जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि धरना-प्रदर्शन में क्रमवार प्रदेश के हर डिपो के कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि 29 मई को धरना स्थल से तहसील तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। धरना-प्रदर्शन में सुंदर सिंह, फरीद अहमद, दीपक सिंह अधिकारी, भगवान सिंह, विकास कुमार, सुनील कलौनी, गौरव गुप्ता, मनीष कुमार, जीवन सिंह, जगत सिंह बोरा, रमेश कुमार, सचिन कुमार, पूरन सिंह, ललित प्रसाद, दीपक, विनोद चंद, माधवानंद आदि शामिल रहे।

