क्राइमनवीनतमहरिद्वार

डबल मर्डर से सनसनी: मंदिर के दो साधुओं की हत्या, जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए शव; मुख्य पुजारी फरार

ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार/लक्सर: हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है।

पुलिस के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने दो साधुओं के कई दिनों से लापता होने और उनके साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पथरी थाने को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

Ad Ad

प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को गड्ढा खोदकर दफना दिया था। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा,
“साधुओं की हत्या कर शव गड्ढा खोदकर दबाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”

प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर शक गहराया है। घटना के बाद से वह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इस दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।