चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

शहीद शिरोमणि चिल्कोटी चिल्ड्रेन पार्क में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। आदर्श वार्ड छतार की सभासद प्रेमा चिल्कोटी के निर्देशन में वार्ड नंबर-1 छतार स्थित शहीद स्व. श्री शिरोमणि चिल्कोटी चिल्ड्रेन पार्क में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पिछले पांच वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह आयोजन अब छतार वार्ड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का रूप ले चुका है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद चम्पावत की अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय रहीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नगर एवं क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छतार वार्ड की मातृशक्ति और नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों एवं महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं तथा भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गरबा, एकल नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा पार्क तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया। कार्यक्रम का संचालन गुरुकुल अकादमी की कविता पाण्डेय ने किया।

Ad Ad

मुख्य अतिथि प्रेमा पाण्डेय ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों में बच्चों एवं महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इससे नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और सनातन मूल्यों से परिचित होती है। उन्होंने छतार वार्ड में लगातार पांच वर्षों से जन्माष्टमी आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

सभासद प्रेमा चिल्कोटी ने कहा कि छतार वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने के साथ यहां धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देना उनका निरंतर प्रयास है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी जैसे आयोजन धार्मिक पर्व होने के साथ-साथ समाज को एक सूत्र में जोड़ने, बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति, बच्चों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया।

कार्यक्रम में समिति के पूर्व अध्यक्ष देवकीनंदन उप्रेती, संरक्षक लोकमणि पंत, महेश चन्द्र जोशी, जी.बी. जोशी, यशोधर भट्ट सहित क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ नागरिक, प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं बच्चे मौजूद रहे।
शहीद स्व. श्री शिरोमणि चिल्कोटी की स्मृति में स्थापित चिल्ड्रेन पार्क में आयोजित यह जन्माष्टमी समारोह धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक एकता का सुंदर संगम बनकर सामने आया। पांच वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।