पुलिस लाइन चम्पावत में किया गया साप्ताहिक परेड का आयोजन, एसपी ने किया निरीक्षण
चम्पावत। फिट उत्तराखंड अभियान के तहत पुलिस जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रखने तथा पुलिस बल में अनुशासन बनाये रखने को लेकर पुलिस लाइन चम्पावत में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। एसपी अजय गणपति ने परेड का निरीक्षण किया। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
शुक्रवार 30 मई को पुलिस लाईन चम्पावत परेड ग्राउंड में पुलिस बल में अनुशासन को बढ़ाने और पुलिस बल को शारीरिक व मानसिक रुप से स्वस्थ, चुस्त-दुरुस्त रखने को लेकर जनपद के विभिन्न थाना/शाखा प्रभारियों तथा अधिनस्थ पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक परेड कराई गई। सर्वप्रथम एसपी अजय गणपति ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान दौड़ चाल, तेज चाल से मंच से गुजरना, ड्रिल, शस्त्राभ्यास, सैल्यूट, स्क्वाड ड्रिल आदि का अभ्यास कराया गया। साथ ही पुलिस बल में अनुशासन को बनाये रखने के लिए परेड की महत्ता के बारे में जानकारी दी गई। सभी अधिकारीयों/ कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के अस्लाहों के बारे में जानकारी देकर उनके संचालन तथा रखरखाव की जानकारी भी दी गई।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मैस का निरीक्षण किया। जिसमें पुलिस अधिकारियों /कर्मचारियों के लिए बने भोजन की गुणवत्ता को जांचा। मैस में सदैव उच्च गुणवत्ता का भोजन बनाए जाने तथा सप्ताह में एक दिन पहाड़ी व्यंजनों को भी शामिल करने को लेकर निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस लाईन की सभी शाखाओं (मोटर वाहन, कैन्टीन, राशन शॉप, जिम हॉल, बैरक आदि) का निरीक्षण किया गया।
