चम्पावत : ढकना बडोला में एनसीसी यूनिट की स्थापना की दिशा में बढ़ा कदम, प्रस्तावित परिसर की भूमि का संयुक्त निरीक्षण
चम्पावत। जनपद चम्पावत में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) यूनिट की स्थापना की दिशा में पहल तेज हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को ग्राम ढकना बडोला में प्रस्तावित एनसीसी परिसर के लिए चिन्हित भूमि का संबंधित विभागों की संयुक्त समिति ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित परिसर तक सड़क निर्माण की संभावनाओं का भी जायजा लिया गया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित भूमि की उपयुक्तता, भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, सड़क निर्माण की संभावनाओं और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को लेकर स्थलीय परीक्षण किया। साथ ही भूमि चयन से संबंधित तकनीकी एवं राजस्व संबंधी आवश्यक जानकारी भी जुटाई गई, ताकि एनसीसी यूनिट की स्थापना के लिए आगामी कार्यवाही नियमानुसार आगे बढ़ाई जा सके।


एनसीसी यूनिट की स्थापना होने से जनपद के युवाओं और विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, टीम भावना तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के साथ सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को सेना समेत अन्य सेवाओं में करियर बनाने के लिए बेहतर तैयारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा।
इसके अलावा एनसीसी यूनिट की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे जनपद के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता आरडब्ल्यूडी गिरिजेश्वर तिवारी, सहायक अभियंता जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण सौरभ चंद, जेई आरडब्ल्यूडी, राजस्व उपनिरीक्षक चंद्रशेखर पंत तथा राजस्व विभाग के अमीन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

