क्राइमचंपावतनवीनतम

लोहाघाट जन्माष्टमी मेले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साधु के भेष में घूम रहे 8 लोगों का चालान

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। जन्माष्टमी मेले के दौरान चम्पावत पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमी के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु के भेष में बिना सत्यापन घूम रहे आठ लोगों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार सभी व्यक्ति बाहरी जनपद के रहने वाले हैं और मेले में लोगों को टीका-पिठिया लगाकर उनसे धनराशि की मांग कर रहे थे।

उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमी के तहत धार्मिक आयोजनों और मेलों में साधु-संतों के भेष में घूमकर आमजन से धन की मांग करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर जिले में आयोजित मेलों में सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ बाहरी व्यक्तियों का प्रभावी सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Ad Ad

क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना लोहाघाट अशोक कुमार के निर्देशन में लोहाघाट में चल रहे जन्माष्टमी मेले में पुलिस टीम ने व्यापक सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुछ बाहरी व्यक्ति साधु के भेष में बिना पूर्व सूचना एवं सत्यापन के मेले में घूमते हुए लोगों को टीका-पिठिया लगा रहे थे और उनसे पैसों की मांग कर रहे थे। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आठ संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ और सत्यापन किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सभी आठ व्यक्ति ग्राम रानीगंज पिपरा, जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के निवासी पाए गए।

पुलिस ने बिना सत्यापन मेले में घूमकर टीका-पिठिया के नाम पर आमजन से धनराशि मांगने के मामले में सभी आठ लोगों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही उन्हें अपने मूल निवास स्थान वापस जाने तथा भविष्य में बिना सत्यापन इस प्रकार जनपद में प्रवेश कर गतिविधियां करने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें

चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि धार्मिक आस्था और मेलों की पवित्रता का लाभ उठाकर लोगों को भ्रमित करने अथवा धन की मांग करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस को दें अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें।