जनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

छात्र संघ चुनाव : टनकपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने दिया धरना, चुनाव में धांधली करने का आरोप, पूर्व विधायक खर्कवाल भी उतरे मैदान में

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। छात्र संघ चुनाव में वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने कॉलेज गेट के बाहर धरना- प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर छात्र संघ चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। इसको लेकर पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल भी मैदान में उतर आए। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर सरकार के प्रभाव में कार्य करने का आरोप लगाया है।

रविवार को टनकपुर डिग्री कॉलेज के बाहर कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद बडेला के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद बडेला ने बताया कि नामांकन प्रपत्रों की जांच के बाद कॉलेज प्रशासन ने एनएसयूआई प्रत्याशी भाष्कर जोशी का नामांकन रद्द किया गया है। कहा कि एनएसयूआई प्रत्याशी भाष्कर जोशी पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में आकर भेदभाव पूर्ण तरीके से सूची जारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने इस संबंध में कॉलेज की प्राचार्य डॉ़. अनुपमा तिवारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इस दौरान पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। देर शाम तक भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। धरना प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष नीरज मिश्रा, भास्कर जोशी, दीपक बेलवाल, राजेंद्र कोहली, प्रिया रावत, विनीता रावत, पूजा यादव, सौरभ गिरी आदि शामिल रहे।

नोट : मामले में फिलहाल कॉलेज प्रशासन का पक्ष नहीं मिला है। उनका पक्ष मिलते ही उसे प्रकाशित किया जाएगा।

एनएसयूआई प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज
टनकपुर। डिग्री कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशी भाष्कर जोशी पर पुलिस ने 420, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि संजना सामंत की तहरीर के आधार पर एनएसयूआई प्रत्याशी भाष्कर जोशी और छात्र नेता दीपक बेलवाल के खिलाफ 420, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।